लाहौल में दर्दनाक हादसा: गिरते पत्थरों की चपेट में आई टैक्सी, दंपति घायल
लाहौल। जिला लाहौल-स्पीति के उपमंडल में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में एक टैक्सी आ गई। यह घटना पटवार सर्किल कोलोंग के तहत मोसूमा थेतुप कुरकुर (महाल बोक) क्षेत्र में दोपहर करीब 1:20 बजे हुई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार टैक्सी (HP01KA3006) में चालक दीपक तमांग सहित तीन लोग सवार थे। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि यात्री मनोजित सिंह रॉय और उनकी पत्नी पॉलिनी सिंघा को हल्की चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है और दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रशासन ने घटना के बाद लोगों से अपील की है कि पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें, खासकर उन स्थानों पर जहां भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी मौसम और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी से सफर करने की सलाह दी है।












