जम्मू-कश्मीर: उधमपुर में खाई में गिरी यात्री बस के उड़े परखच्चे, 21 की मौ*त, 61 घायल
जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। रामनगर इलाके के कागोर्ट गांव के पास सुबह करीब 10 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 61 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को एयरलिफ्ट कर जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बस एक दूरस्थ गांव से ऊधमपुर की ओर जा रही थी, तभी पहाड़ी मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे खाई में जा गिरा। हालांकि हादसे के सही कारणों की जांच अभी जारी है।
घटना पर केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन से तुरंत संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि बचाव कार्य तेजी से जारी है और जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
फिलहाल मौके पर बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान जारी है तथा प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है।












