सड़क हादसा या कुछ और? ऊना में सड़क किनारे क्षत-विक्षत शव मिलने से फैली सनसनी
ऊना। जिला ऊना के अंब थाना क्षेत्र के कटौहड़ कलां में सड़क किनारे एक व्यक्ति का बुरी तरह क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पंजोआ कलां निवासी मोहित कुमार ने बताया कि रात करीब दो बजे कटौहड़ कलां के पास सड़क पर एक व्यक्ति पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो शव बुरी तरह कुचला हुआ था। सड़क किनारे कच्ची जगह पर किसी वाहन के टायरों के निशान भी मिले।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मारने के बाद उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ-साथ फरार वाहन और चालक का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।






