डैम से छोड़े पानी से बढ़ गयापार्वती नदी का जलस्तर, दो बहे
कुल्लू जिले की पार्वती घाटी के कटागला में वीरवार को एक बड़ा हादसा पेश आया है। इस हादसे में दो युवक पार्वती नदी के तेज बहाव में बह गए। इनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है और तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार यह हादसा एनएचपीसी परियोजना के डैम से अचानक पानी छोड़े जाने के कारण हुआ है। वीरवार दोपहर करीब 2 बजे डैम से पानी छोड़े जाने के कारण पार्वती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इसके चलते कसोल में नदी किनारे बैठे 5 पर्यटक तेज बहाव की चपेट में आ गए। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस अभियान में 3 पर्यटकों को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन 2 पर्यटक नदी के तेज बहाव में बह गए। त्वरित सर्च ऑपरेशन में एक पर्यटक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरा अब भी लापता है। बचाव दल उसकी तलाश में जुटा हुआ है। मृतक व्यक्ति की पहचान प्रशांत चौरसिया केयर ऑफ शकुंतला देवी निवासी एन.8-179 यूए 2 कैलाशपुरी कालोनी वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उधर, एडीएम कुल्लू अश्वनी कुमार ने बताया कि पार्वती नदी का बहाव कैसे बढ़ा, इसके बारे में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।












