बिलासपुर में भाजपा का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
हिमाचल से पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की मांग को लेकर भाजपा ने बिलासपुर मुख्यालय में प्रदर्शन किया। चंगर सेक्टर स्थित शहीद स्मारक पर भाजपा नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में इकट्ठे हुए। भाजपा नेताओं ने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार प्रदेश में पाकिस्तानी नागरिकों न तो चिह्नित कर रही है और न ही वापस भेजने के लिए कोई प्रयास कर रही है। शहीद स्मारक से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली भी निकाली गई। इसके बाद अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने की। मुख्य वक्ता के रूप में सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल रहे। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल और पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से उपस्थित हुए। शहीद स्मारक पर पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पाकिस्तान और कांग्रेस सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। त्रिलोक ने कहा कि पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने हिंदू पर्यटकों की निर्मम हत्या की गई, उसके तुरंत बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को सात दिन वापस भेजने का निर्णय लिया। गृह मंत्री ने प्रदेश सरकारों को निर्देश दिए कि कोई पाकिस्तानी नागरिक वापस नहीं जाता है, तो उसकी पहचान कर जेल भेजा जाए। पूरे देश की सरकारों ने यह काम किया, लेकिन हिमाचल की कांग्रेस ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यही नहीं सुक्खू सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी प्रेसवार्ता में एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हैं। कांग्रेस के उच्च नेतृत्व भी सेना से सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। इसी मानसिकता के कारण आज कांग्रेस पार्टी हाशिए पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुई घटना पर पूरा देश एकजुट है, लेकिन कांग्रेस कुछ नेता घटिया राजनीति कर रहे हैं। पहलगाम में हुई घटना का अंजाम पाकिस्तान को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह देश की सुरक्षा का विषय है, इसलिए इससे समझौता नहीं होना चाहिए। प्रदेश सरकार से मांग है कि पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाए।