चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट को वितरित किए दीपावली के उपहार
मुख्यमंत्री की मानवीय पहल से सुरक्षित हो रहा अनाथ व बेसहारा बच्चों का भविष्य- संजीव गुलेरिया
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना एवं मुख्यमंत्री सुख-शिक्षा योजना के लाभार्थियों को कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) मंडी के सौजन्य से दीपावली के उपलक्ष्य में सम्मानित कर उपहार वितरित किए गए। गत दिवस नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने यह उपहार बल्ह क्षेत्र से संबंधित लाभार्थियों को वितरित किए। एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने इसके लिए उनका आभार जताया। सम्मानित लाभार्थियों में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के 13 तथा इंदिरा गांधी सुख-शिक्षा योजना के 6 लाभार्थी शामिल हैं। संजीव गुलेरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर आरंभ की गई इस योजना ने अनाथ एवं बेसहारा बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया है। योजना के तहत चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में राज्य सरकार ने इन्हें अपनाया है। सरकार ही माता, सरकार ही पिता की भावना से इनके रहन-सहन से लेकर शिक्षा-दीक्षा एवं रोजगार सहित ब्याह-शादी व गृह-निर्माण तक विभिन्न स्तरों पर राज्य सरकार उनका पूर्ण ध्यान रख रही है। इसके लिए उन्हें वित्तीय मदद प्रदान करने के साथ ही मासिक भत्ता भी दिया जा रहा है।