'ड्रामा' वाले बयान पर सियासत गरम: सीएम सुक्खू और भाजपा विधायक डॉ. जनकराज आमने-सामने
चंबा। चंबा के ऐतिहासिक मिंजर मेले के बाद हिमाचल की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा चंबा के भाजपा विधायकों पर "ड्रामा" करने का आरोप लगाने के बाद भाजपा विधायक एवं पूर्व न्यूरोसर्जन डॉ. जनकराज ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और मरीजों का अपमान बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की है।
दरअसल, मुख्यमंत्री सुक्खू ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में चंबा जिले के तीनों भाजपा विधायकों के मिंजर मेले में शामिल न होने पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि भाजपा विधायक जनता के मुद्दे विधानसभा में उठाने के बजाय आपसी गुटबाजी में उलझे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि डॉ. जनकराज, हंसराज और डीएस ठाकुर केवल राजनीति कर रहे हैं और जनता के लिए काम करने की बजाय "ड्रामा" कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने डॉ. जनकराज द्वारा लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि मरीजों की पर्ची देखकर सलाह देने से इलाज नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज में आधुनिक मशीनें और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने से ही मरीजों को वास्तविक लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक मेडिकल कॉलेज से जुड़े मुद्दों पर गंभीर नहीं रहे।
मुख्यमंत्री के इन बयानों पर डॉ. जनकराज ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, "मैं पहले डॉक्टर हूं और हमेशा डॉक्टर रहूंगा। हमने सरकारी नौकरी से इस्तीफा दिया है, डॉक्टरी से नहीं।" उन्होंने कहा कि आज भी लोग भरोसे के साथ उनके पास इलाज और परामर्श के लिए आते हैं और वह मानव सेवा के नाते मरीजों को सलाह देते हैं।
डॉ. जनकराज ने कहा कि लोगों की सेवा को "ड्रामा" कहना न केवल उनका, बल्कि पूरे चिकित्सा जगत, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और मरीजों का अपमान है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस बयान पर माफी मांगने की मांग की।
पलटवार करते हुए डॉ. जनकराज ने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "ढाबे पर खाना खाना, चाट-पापड़ी खाते हुए वीडियो बनाना और बाल कटवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना ही असली ड्रामा है।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की जनता समझ रही है कि वास्तविक काम कौन कर रहा है और दिखावा कौन कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के चंबा दौरे के बाद बाल कटवाने को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और मीम्स बन रहे हैं। जनता अब सरकार के कामकाज का आकलन कर रही है।
गौरतलब है कि डॉ. जनकराज आईजीएमसी शिमला में न्यूरोसर्जन रह चुके हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने सरकारी सेवा से इस्तीफा देकर राजनीति में प्रवेश किया था और वर्तमान में भाजपा के विधायक हैं।






