नगर निगम हमीरपुर को मिले तीन वैलनेस सेंटर
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर नगर निगम को एक साथ तीन वैलनेस सेंटर देने की घोषणा की है। वन मित्रों के कार्यक्रम में उन्होंने अपने राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू की मांग पर इसकी घोषणा की। इस बड़ी सौगात से शहर को फायदा होगा। सोमवार को बड़ू में पॉलीटेक्निक कॉलेज के मैदान में आयोजित वन विभाग के वन मित्र संवाद समारोह और राजीव गांधी वन संवर्धन योजना एवं राजीव गांधी ग्रीन अडॉप्शन स्कीम के शुभारंभ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने इनकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू की मांग पर तुरंत मंच से ही नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर के लिए तीन वैलनेस सेंटर स्वीकृत करने की घोषणा कर दी। इन वैलनेस सेंटरों के माध्यम से नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर में रहने वाले लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से शहरवासियों को निश्चित रूप में फायदा होगा, इसीलिए अब इनके खुलने की इंतजार उन्हें रहेगी। वहीं, मुख्यमंत्री ने वन मित्रों से 'संवाद' कार्यक्रम में बातचीत की और उनके प्रशिक्षण अनुभव बारे जानकारी हासिल की। धर्मशाला में नियुक्त वंशिका ने अपने प्रशिक्षण अनुभव के बारे में मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें पौधरोपण से लेकर वन्य प्राणियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने पूछा कि आपने ट्रेनिंग कहां ल, तो वंशिका ने कहा कि नगरोटा सूरियां में। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देहरा में अंतरराष्ट्रीय स्तर का चिडिय़ाघर बना रही है, जहां वन्य प्राणियों को देखने के लिए देशविदेश से पर्यटक आएंगे। शिमला की मुस्कान चौहान ने मुख्यमंत्री को बताया कि किताबों से कहीं ज्यादा वह फील्ड में सीख रही हैं। मुख्यमंत्री ने पूछा कि अब तक आपने क्या-क्या सीखा? मुस्कान ने कहा कि हमें पौधरोपण, नर्सरी प्रबंधन तथा वन संरक्षण बारे जानकारी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी बीट में जंगलों में आग लगती है, ख्याल रखना। परवाणु में तैनात वन मित्र दिव्यांशु सिंह ने कहा कि पहले वनों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन विभाग में आने के बाद वनों के महत्व बारे विस्तृत जानकारी प्राप्त हो रही है कि जंगल हमारे लिए क्यों जरूरी हैं? उन्होंने कहा कि सभी वन मित्र पूरे जोश से कार्य करेंगे और पौधरोपण करने के साथ-साथ जंगल बचाने का भी कार्य करेंगे। कुल्लू की आकांक्षा ठाकुर ने वन मित्रों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर है जब वन विभाग में एक साथ 2061 नौकरियां प्रदान की। उन्होंने कहा कि वह डेढ़ महीने पहले ही विभाग में आए हैं और विभाग के काम को समझा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जो भी निर्देश देगी, उन्हें फील्ड में लागू करने के लिए समर्पण और निष्ठा से कार्य करेंगे।
उपमंडलीय पुलिस अधिकारी कार्यालय नादौन का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार दोपहर बाद नादौन उपमंडल में नए उप मंडलीय पुलिस अधिकारी कार्यालय का लोकार्पण किया। इस कार्यालय के तहत थाना नादौन और थाना सुजानपुर का कार्य इसके सुपुर्द रहेगा। कार्यलय के खुलने से थाना नादौन की 49 पंचायतें तथा थाना सुजानपुर की 32 पंचायतें के अलावा नगर पंचायत नादौन व नगर पंचायत सुजानपुर लावान्वित होगी। उद्घाटन मौके पर डीसी अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर, एएसपी राजेश कुमार, डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा, पुलिस उपअधीक्षक नितिन चौहान और हरीश गुलेरिया, अस्थायी प्रभार उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नादौन तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी प्रकार की सुबिधाओं से होगा लेस : यह कार्यालय सभी प्रकार की सुविधाओं से सुसज्जित है। इसके क्रियान्वयन से पुलिस बल को कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त व प्रभावी बनाने, अपराध नियंत्रण व जांच तथा आम नागरिकों की शिकायतों के शीघ्र निवारण में मदद मिलेगी।












