सीएम सुक्खू का बड़ा फैसला, सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर होगी नियुक्ति
बिलासपुर: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को झंडूता कार्यक्रम से पहले एम्स बिलासपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और फैकल्टी सदस्यों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक तकनीक और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने वार्डों में जाकर मरीजों से मुलाकात की और उनका हालचाल भी जाना।
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल में अत्याधुनिक मेडिकल तकनीक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने पर काम कर रही है। मेडिकल कॉलेजों में प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर की कमी दूर करने के लिए पहले PG कक्षाएं और उसके बाद SRship शुरू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुपर स्पेशलिस्ट करके हिमाचल लौटने वाले डॉक्टरों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू करवाए जाएंगे। ऐसे डॉक्टरों को कॉन्ट्रैक्ट के बजाय नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने के साथ तकनीकी सुविधाओं का भी विस्तार कर रही है। पहले चरण में करीब 5 मेडिकल कॉलेजों को मजबूत किया जा रहा है। वहीं नाहन और चंबा मेडिकल कॉलेजों में भी नई मेडिकल तकनीक उपलब्ध कराने की दिशा में काम जारी है।






