मणिमहेश यात्रा के तीसरे चरण का ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, रोजाना 5 हजार श्रद्धालुओं को अनुमति
भरमौर। श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के तीसरे चरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू हो गई है। तीसरे चरण के तहत 1 से 5 सितंबर 2026 तक यात्रा करने वाले श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकेंगे। भरमौर प्रशासन ने प्रत्येक यात्रा दिवस के लिए अधिकतम 5,000 श्रद्धालुओं के पंजीकरण और यात्रा की अनुमति निर्धारित की है। पंजीकरण स्लॉट ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व्ड’ के आधार पर उपलब्ध होंगे।
बिना पंजीकरण यात्रा की अनुमति नहीं
भरमौर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैध ऑनलाइन पंजीकरण के बिना किसी भी श्रद्धालु को यात्रा मार्ग पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। चेक पोस्ट पर सत्यापन के दौरान श्रद्धालुओं को अपने ऑनलाइन पंजीकरण या बुकिंग की प्रिंटेड कॉपी साथ रखना अनिवार्य होगा। यात्रा से जुड़ी आधिकारिक जानकारी प्रशासन के निर्धारित पोर्टल से प्राप्त की जा सकती है।
बारिश और भूस्खलन से निपटने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार
एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान यदि भारी बारिश या भूस्खलन के कारण मुख्य मार्ग बाधित होता है तो श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग तैयार किया गया है। यह मार्ग सामान्य रास्ते से करीब एक किलोमीटर लंबा है और मौसम खराब होने की स्थिति में ही इसका इस्तेमाल किया जाएगा।
वैकल्पिक मार्ग हड़सर-घुई नाला-तोस गोठ-यमकुंड-दुनाली-धन्छौ झरना होते हुए गौरीकुंड हेलीपैड के पास मुख्य मार्ग से जुड़ेगा। सामान्य परिस्थितियों में श्रद्धालु पारंपरिक मार्ग से ही यात्रा करेंगे।
ड्रोन से होगी निगरानी
प्रशासन ने आपदा की स्थिति से निपटने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं की संख्या और किसी स्थान पर फंसे यात्रियों की स्थिति पर ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। हड़सर में पंजीकरण की जांच के लिए विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।
एडीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं, केवल आधिकारिक माध्यमों से मिली जानकारी पर भरोसा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि मणिमहेश यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाया जा सके।






