कीचड़ -मटमैले पानी से भर गया जरल -जुगाहन मार्ग, लोगों को हो रही भारी परेशानी
नाचन विधानसभा क्षेत्र के एक बड़े भाग में मानसूनी बरसात के चलते पहले से गढ्ढों की गिरफ्त में पड़ी सड़कों का बहुत बुरा हाल हो गया है, गढढों में मटमैला पानी एवं कीचड़ बुरी तरह भरा फैला हुआ है,ऐसी स्थिति में यह पता नहीं चलता कि सड़क मार्ग कहां उथला है और कहां गहरा इस भ्रम में अक्सर पड़े राहगीर तथा वाहन चालक आदि मुश्किल में पड़ रहे हैं।लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता इसी तरह का खस्ताहाल मार्ग है जरल -जुगाहन मार्ग जो जगह-जगह मटमैले पानी और कीचड़ से भरा पड़ा है आए दिन लोगों की कठिनाइयां बढ़ाता जा रहा है।पहले से समुचित तरीके की मरम्मत की राह देख रहे इस मार्ग सत्यानाश की कगार पर देखा जा सकता है प्रयोग करने योग्य नहीं रह गया है क्योंकि पानी निकासी ढंग की नहीं व इस मार्ग का एक बड़ा भाग अवैध रूप से रखे गए विभिन्न तरह के सामान से संकरा कर दिया गया है वहीं इस हल्की ऊंचाई वाले मार्ग के किनारे पैरापीट आदि न लगाए जाने से यहां के सफर को खतरे में डाल दिया गया है।घनी आबादी से जुड़े इस मार्ग पर यातायात बढ़ गया है क्योंकि यह मार्ग फोरलेन से संपर्क करता है और यहां दूर-दूर तक किए जा रहे टमाटर आदि नकदी फसलों के कारोबार के चलते बाहरी राज्यों की गाड़ियों की भरमार है, जिससे यातायात का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है जबकि यातायात सुरक्षित करने के उपायों को जरुरी ही नहीं बल्कि समय की भी मांग समझा जा रहा है।इस मार्ग की शीघ्र सुध लेने की मांग इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि दिन रात का यह व्यस्त मार्ग नाचन क्षेत्र के अलावा,बल्ह और सुंदरनगर को भी खासतौर पर सीधे-सीधे जोड़ता है, स्वाभाविक सी बात है कि यहां वहां के राहगीरों का आना जाना लगा रहता है। लोगों ने उक्त मार्ग की बदहाली को सही तकनीक अपनाते हुए सुधार की मांग उठाते हुए डीसी मंडी से पुरजोर अनुरोध किया है कि वह शीघ्र ही कारगर कदम उठाएं।






