मंडी: औट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.066 किलो चरस के साथ युवक गिरफ्तार
मंडी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत औट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। झलोगी (द्वाड़ा फ्लाईओवर) के पास नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को 3.066 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना औट की टीम क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर एक युवक को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष ठाकुर, निवासी कसौली, जिला सोलन के रूप में हुई है। बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना औट में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी। अब जांच एजेंसियां इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे और कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी।






