सोलन: बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो अफीम डोडे की खेप सहित तस्कर गिरफ्तार
सोलन। हिमाचल प्रदेश को नशा मुक्त बनाने को पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बद्दी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस थाना नालागढ़ की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 400 किलो अफीम डोडे की भारी खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। डीएसपी बद्दी योगराज ने बताया कि पुलिस थाना नालागढ़ की टीम को सूचना मिली थी कि एक वाहन के माध्यम से नशे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नालागढ़ के वार्ड नंबर-9 स्थित सरकारी स्कूल के पास नाकाबंदी कर एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम को गाड़ी में रखे 20 प्लास्टिक के बोरों से कुल 400 किलो अफीम डोडे बरामद हुए। पुलिस ने तुरंत नशे की खेप को कब्जे में लेते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार निवासी गांव मनलोग खुर्द, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में अफीम डोडे कहां से लाए गए थे और इन्हें किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। इसके अलावा इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डीएसपी बद्दी योगराज ने कहा कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बद्दी पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।






