SCVT से प्रशिक्षित PET/PTI अभ्यर्थियों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, भर्ती नियमों में संशोधन की उठाई मांग
हिमाचल प्रदेश में SCVT से प्रशिक्षित 5349 शारीरिक शिक्षकों (PET/PTI) का भविष्य एक बार फिर अधर में लटक गया है। लंबित मांगों को लेकर विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने सुंदरनगर पॉलीटेक्निक परिसर में चार दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से कई बार मिलने और आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है। उनका कहना है कि विभागीय स्तर पर फाइलें लंबित पड़ी हैं, जिससे हजारों प्रशिक्षित युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
अभ्यर्थियों के अनुसार, वर्ष 2005 से 2009 के बीच सरकार और तकनीकी शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्राप्त संस्थानों से उन्होंने एक वर्षीय PET प्रशिक्षण लिया था। कई युवाओं ने रोजगार की उम्मीद में कर्ज लेकर और जमीन गिरवी रखकर प्रशिक्षण पूरा किया था।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से R&P नियमों में संशोधन कर SCVT प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को आगामी 870 PET पदों की भर्ती में शामिल करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी किया जाएगा।






