भुंतर: वार्ड चार में लावारिस पशुओं का जमघट, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर चिंता; नगर पंचायत चलाएगी अभियान
भुंतर (कुल्लू)। नगर पंचायत भुंतर के वार्ड नंबर चार में लावारिस पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सुबह और शाम पशुओं के झुंड मुख्य रास्तों और गलियों में बैठे रहते हैं, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। लोगों ने आशंका जताई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
बच्चों को रास्ता बदलकर जाने की नौबत
स्थानीय निवासी राकेश, राजू, पंकज, मोहित, अमित, राजेश और मोहन ने बताया कि सुबह स्कूल जाने के समय छोटे बच्चों को पशुओं के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार पशु आपस में लड़ने लगते हैं या अचानक लोगों की ओर दौड़ पड़ते हैं। इससे बच्चे डर जाते हैं और उन्हें रास्ता बदलकर जाना पड़ता है। बुजुर्गों और कामकाजी लोगों के लिए भी इन रास्तों से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
शिकायतों के बाद भी स्थायी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस समस्या को कई बार नगर पंचायत और प्रशासन के ध्यान में ला चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने मांग की है कि लावारिस पशुओं को जल्द सड़कों और गलियों से हटाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।
नगर पंचायत चलाएगी विशेष अभियान
नगर पंचायत भुंतर की अध्यक्ष सोनी शर्मा ने कहा कि वार्ड नंबर चार में लावारिस पशुओं की समस्या नगर पंचायत के ध्यान में है। स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही लावारिस पशुओं को पकड़कर नजदीकी गोशालाओं में भेजने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य समस्या का स्थायी समाधान करना है।
अब स्थानीय लोगों को नगर पंचायत की ओर से प्रस्तावित अभियान शुरू होने का इंतजार है, ताकि वार्ड में आवाजाही सुरक्षित हो सके।






