सीबीआई जांच में पूर्ण सहयोग करेगी सरकार : विक्रमादित्य
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य= सिंह ने एक पत्रकार वार्ता में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार दिवंगत इंजीनियर विमल नेगी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सीबीआई को इस मामले की जांच में हर स्तर पर पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू के इस मामले में अधिकारियों के खिलाफ की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोई भी व्यक्ति कानून तथा सेवा नियमों से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च न्यायालय द्वारा सीबीआई को मामले की जांच सौंपने के निर्णय को स्वीकार करती है और जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देगी।
राजनीतिक लाभ लेने के लिए मुद्दों को उछाला जा रहा
विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुआ कहा कि इनकी कार्यशैली में उतावलापन दिखाई देता है और उन्होंने जल्दबाजी में 'आधारहीन तथ्यों' को पेश करते हुए सरकार के खिलाफ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने भाजपा पर केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को उछालने का आरोप लगाया।
कांग्रेस सरकार अपना कार्यकाल करेगी पूरा
मंत्री ने दृढ़ता से कहा कि सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी और भाजपा की राजनीतिक चालों से सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि भाजपा ने केवल राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को उछालने का काम किया है।












