शिमला: जुब्बल के धार गांव में देर रात भीषण अग्निकांड, पांच मकान आग की चपेट में; दमकल विभाग और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
जुब्बल: शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के धार गांव में देर रात अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई मकान इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अग्निकांड में पांच घर बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
रात के समय आग लगने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर भी आग को फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
मकानों के आसपास आग तेजी से फैलने की आशंका के बीच दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लंबे समय तक चले अभियान के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। अग्निकांड में पांच घरों के प्रभावित होने की जानकारी है, जबकि मकानों और उनमें रखे सामान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग घटना के कारणों के साथ-साथ नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटे हैं। राहत की बात यह है कि आग को आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।






