घुमारवीं में नाटी किंग कुलदीप शर्मा को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
आशा किरण संस्था द्वारा घुमारवीं में हिमालय श्री अवॉर्ड सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसे हिमाचल अगेंस्ट चिट्टा थीम के साथ प्रस्तुत किया गया। इस समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाओं को हिमालय श्री अवॉर्ड-2025 से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए बॉलीवुड स्टार राहुल रॉय और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणजीत मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों सितारों ने विभूतियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके कार्यों की सराहना की। आशा किरण संस्थान के निदेशक योगेंद्र मलिक ने बताया कि यह आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया। समारोह में शिक्षा, कला, संस्कृति, खेल, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह में नाटी किंग कुलदीप शर्मा, पन्याला के पद्मश्री पुरस्कार विजेता हरीमन शर्मा, एसडी कश्यप, करनैल राणा, संजीव दिक्षित, प्रियंका नेगी, डॉ. शिखा शर्मा, राजीव राणा, हिमाचली जोड़ी, राजीव नेगी, इंद्रजीत, डोनी चौहान, प्रियंका कौड़ल, सोनाली शर्मा, अभिमन्यु रॉय, अयुश ठाकुर, राजा, डॉ. नरेश कुमार शर्मा, अनुष्का दत्ता, अभिषेक सोनी, निधि डोगरा, दिव्यांग महिला क्रिकेट टीम, राजन कुमार और बलवंत सिंह को सम्मानित किया गया। इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं। समारोह में हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों और मुंबई से आए विशेष अतिथियों ने शिरकत की। संदीप चौधरी, रीणा ठाकुर, सोनाली शर्मा, डॉ. नरेश शर्मा, कमल शर्मा, कमल महाजन, विमल महाजन, संजय सोनी और आशीत सोनी जैसे गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया। इन अतिथियों ने सम्मानित हस्तियों के कार्यों की प्रशंसा की और आशा किरण दिव्यांग संस्था के इस प्रयास को सराहा।