शिमला सचिवालय में CM सुक्खू का नया ठिकाना तैयार, शारदीय नवरात्र में नए कार्यालय से संभालेंगे कामकाज; फरियादियों को मिलेगी बड़ी राहत
शिमला सचिवालय में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का नया कार्यालय तैयार हो चुका है और शारदीय नवरात्र में वह इसी नए दफ्तर से कामकाज संभालना शुरू कर सकते हैं। सचिवालय स्थित आर्म्जडेल फेज-दो भवन में तैयार किए गए इस कार्यालय का लोक निर्माण विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। नए कार्यालय में मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले प्रदेशभर के लोगों के लिए बैठने की पर्याप्त और आरामदायक व्यवस्था की गई है। इससे दूर-दराज से अपनी फरियाद लेकर आने वाले लोगों को पुराने परिसर में घंटों खड़े रहकर इंतजार करने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री कार्यालय में आधुनिक सुविधाओं के साथ एक बड़ा बैठक कक्ष भी बनाया गया है, जहां दो पंक्तियों में करीब 50-50 अधिकारी यानी कुल 100 अधिकारी एक साथ बैठ सकेंगे। इससे बड़ी विभागीय समीक्षा बैठकों के संचालन में सुविधा होगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री से पहले कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह और यादवेंद्र गोमा के लिए भी आर्म्जडेल फेज-दो में नए कार्यालय तैयार किए जा चुके हैं।






