44 के हुए कैप्टन कूल: केक काटकर मनाया जश्न, जानें फिनिशर धोनी की कहानी
भारत के महान क्रिकेटर और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं। आईसीसी के सीमित ओवर के क्रिकेट टूर्नामेंट की तीनों ट्रॉफी जीतने वाले दुनिया के एकमात्र कप्तान धोनी ने अपना 44वां जन्मदिन खास अंदाज में मनाया। इसकी तस्वीरें सामने आई हैं। उन्होंने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अपने साथियों के साथ जन्मदिन मनाया और केक काटा। इस दौरान माही बेहद खुश नजर आए। भारत के महानतम कप्तानों में शुमार धोनी को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी बधाई दी है। बीसीसीआई ने विश करते हुए लिखा, 'टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, चैंपियंस ट्रॉफी...धोनी को हैप्पी बर्थडे। भारत के पूर्व कप्तान और इस खेल को खेलने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक।'












