सोलन के कारोबारी से 5 लाख रिश्वत मांगने के आरोपी आयकर अधिकारी पर CBI का शिकंजा, शिमला में किराए के मकान पर रेड
सोलन के अर्की क्षेत्र के कारोबारी से पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोपी आयकर अधिकारी वरुण खारी के शिमला स्थित किराए के मकान पर सीबीआई ने रेड की है। हीरा नगर स्थित मकान में तलाशी के दौरान जांच एजेंसी ने कई अहम दस्तावेज कब्जे में लिए और मकान को सील कर दिया। आरोप है कि करीब 17.94 लाख रुपये की आयकर देनदारी के मामले को निपटाने और रकम कम कराने के एवज में कारोबारी से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। सीबीआई ने 12 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया था। कई दिनों तक सामने नहीं आए वरुण खारी मंगलवार को कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई कार्यालय पहुंचे और जांच में शामिल हुए। अधिकारी अंतरिम जमानत पर हैं। अब सीबीआई कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग, आयकर विभाग से जुड़े दस्तावेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।






