13,570 फुट की ऊंचाई पर स्थित बूथ चसक भटौरी में निकाली तिरंगा यात्रा
पांगी-भरमौर विधानसभा क्षेत्र की बर्फीली वादियों में आज देशभक्ति की एक अनोखी मिसाल कायम हुई। समुद्रतल से 13,570 फुट की ऊंचाई पर स्थित बूथ चसक भटौरी (29) में स्थानीय निवासियों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस ऐतिहासिक यात्रा की अगुवाई भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनकराज ने की। उन्होंने कहा कि ऐसा दुर्लभ दृश्य शायद ही कहीं और देखने को मिले। जहां एक ओर हिमाच्छादित चोटियां हैं और दूसरी ओर दिलों में देश के लिए उमड़ता जोश। यह हमारे वीर क्षेत्र की पहचान है। तिरंगे की शान के लिए हमारे लोग हर कठिनाई को पार कर सकते हैं। बर्फ से ढकी ऊंचाइयों पर गूंजते 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातर' के नारों ने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। स्थानीय युवाओं ने हाथों में तिरंगा थामे बर्फीले रास्तों पर पैदल चलकर यह संदेश दिया कि देशप्रेम सिर्फ मैदानों तक सीमित नहीं, वह हिमालय की चोटियों पर भी पूरी शिद्दत से जीया जा रहा है।












