सोलन में बड़ा सड़क हादसा टला: सलोगड़ा के पास पलटी निजी बस, चालक समेत दो घायल
सोलन: सोलन जिले में शनिवार सुबह कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सलोगड़ा के समीप सोलन से शिमला की ओर जा रही एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 10 से 12 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि बस सड़क पर पलटने के बाद खाई की ओर नहीं लुढ़की, वरना बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। दुर्घटना में चालक समेत दो लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
अचानक बिगड़ा संतुलन, सड़क पर पलटी बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही सलोगड़ा क्षेत्र में पहुंची, चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते बस सड़क पर पलट गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि यदि बस एक-दो पलटे और खाती तो वह सीधे गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक और एक यात्री घायल
हादसे में बस चालक और एक यात्री घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। वहीं बस में मौजूद अन्य यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सोलन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई।
फोरलेन निर्माण बना चुनौती
हादसे के बाद फोरलेन निर्माण कार्य से जुड़े सुरक्षा अधिकारी हिमांशु दुबे भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं यातायात बहाली के कार्य में सहयोग किया। कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन बाद में क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा कर सड़क से हटाया गया और यातायात सामान्य कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि सलोगड़ा के पास निजी बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा हाईवे
स्थानीय लोगों का कहना है कि कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग का सलोगड़ा-सोलन हिस्सा लगातार दुर्घटना संभावित क्षेत्र बनता जा रहा है। फोरलेन निर्माण के चलते कई जगह अस्थायी डायवर्जन, संकरी सड़कें और तीखे मोड़ वाहन चालकों के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में स्पीड लिमिट बोर्ड, चेतावनी संकेतक और मजबूत क्रैश बैरियर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।






