ओमान तट में तेल टैंकर पर अमेरिकी हमले में हमीरपुर के नाविक आदित्य शर्मा की मौ.त, 8 माह पहले ज्वाइन की थी मर्चेंट नेवी
हमीरपुर। हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ओमान तट के निकट स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हुए जहाज हमले में हमीरपुर के युवा नाविक आदित्य शर्मा की मौत हो गई है। आदित्य पालाउ ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, जहाज पर कुल 24 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। हमले के बाद चलाए गए बचाव अभियान में 21 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे। बाद में तीनों के मृत होने की पुष्टि की गई, जिनमें हमीरपुर के आदित्य शर्मा भी शामिल थे।
आदित्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गलोड़ क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग युवा नाविक को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद से आदित्य के परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही थी। उनके पिता राजेश शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार और संबंधित एजेंसियों से बेटे की सुरक्षित तलाश के लिए मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने यह भी दावा किया था कि अप्रैल माह में आदित्य ने जहाज पर अपने कुछ वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न की शिकायत की थी और वह जहाज छोड़ना चाहता था। इस खुलासे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।
आदित्य शर्मा की असामयिक मृत्यु ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हमीरपुर जिले को गहरे सदमे में डाल दिया है। क्षेत्र के लोगों ने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और मृतक के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने की मांग की है।






