करसोग में बड़ी लापरवाही: बैलेट पेपर से BDC उम्मीदवार का नाम गायब, दोबारा होगी वोटिंग
मंडी जिला के करसोग उपमंडल में पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। यहां बैलेट पेपर में बीडीसी (ब्लॉक डेवलपमेंट कमेटी) उम्मीदवार का नाम ही नहीं छापा गया, जिसके चलते पूरे मतदान केंद्र पर चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो गई। मामले के सामने आने के बाद चुनाव अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मतदान शुरू होने के दौरान ही मतदाताओं और प्रत्याशी पक्ष के लोगों ने बैलेट पेपर में गड़बड़ी पकड़ी। जांच करने पर पता चला कि संबंधित बीडीसी उम्मीदवार का नाम बैलेट पेपर में शामिल ही नहीं किया गया है। इसके बाद मौके पर भारी हंगामा हुआ और लोगों ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन और चुनाव विभाग के अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया रोक दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब संबंधित बूथ पर नई तारीख तय कर दोबारा मतदान करवाने का फैसला लिया गया है।
इस घटना के बाद चुनाव विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और प्रत्याशियों का कहना है कि इतनी बड़ी चूक चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर असर डालती है। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






