हिमाचल में 296 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू, खराब सड़क और चार्जिंग स्टेशन बने चुनौती; रूट पर उतारने से पहले हो रहा ट्रायल
हिमाचल को हरित राज्य बनाने की दिशा में एचआरटीसी के बेड़े में 296 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इनका संचालन शुरू हो चुका है, लेकिन कई जगह चार्जिंग स्टेशन और खराब सड़कों के कारण चुनौतियां सामने आ रही हैं। निगम प्रबंधन का कहना है कि बसों को रूट पर भेजने से पहले सड़क की स्थिति, यात्रियों की मांग और चार्जिंग सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रायल किया जा रहा है। टाइप-2 इलेक्ट्रिक बसें उन्हीं रूटों पर चलाने की तैयारी है, जहां सड़कें निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं। ऊना और हमीरपुर को सबसे ज्यादा 35-35 बसें मिली हैं, जबकि शिमला ग्रामीण को 25, हरोली को 22, देहरा को 20 और बिलासपुर को 18 बसें दी गई हैं। निगम के मुताबिक जिन क्षेत्रों में चार्जिंग सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां फिलहाल बसों का संचालन नहीं किया जाएगा और जरूरत के अनुसार ट्रायल के बाद बसों को दूसरे डिपो में शिफ्ट किया जा सकता है।






