शिमला HPU में ABVP-SFI कार्यकर्ताओं में झड़प, दो छात्र घायल; समरहिल चौकी के पास तनाव के बाद अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह ABVP और SFI कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट का मामला सामने आया। घटना करीब साढ़े आठ बजे समरहिल पुलिस चौकी के पास हुई, जिसमें दो छात्रों के घायल होने की सूचना है। इनमें एक छात्र के सिर में चोट बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और QRT ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों छात्र संगठनों की ओर से पुलिस में शिकायत देने की बात कही गई है। SFI का आरोप है कि उसके कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास कुलपति के आने का इंतजार कर रहे थे, इसी दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वहीं ABVP ने SFI के आरोपों को खारिज करते हुए मारपीट की शुरुआत SFI कार्यकर्ताओं की ओर से होने का आरोप लगाया और अपने कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की बात कही। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस जांच में घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मौके पर तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।






