सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने किया बिलासपुर दौरा, बैठक में की पीडब्ल्यूडी कार्यों की समीक्षा, रोपवे का लिया जायजा, सुरक्षा मानकों का पालन करने के दिए निर्देश
राज्य सरकार में सचिव (डिजिटल टेक्नोलॉजीज, गवर्नेंस एवं लोक निर्माण) तथा सचिव वित्त, योजना, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी डॉ. अभिषेक जैन ने रविवार को बिलासपुर का एक दिवसीय दौरा किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में भाग लिया और जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। डॉ. जैन ने श्री नयना देवी जी मंदिर रोपवे का जायजा लिया और मौके पर ही कंपनी अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोपवे क्षेत्र में तैनात सभी कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड अनिवार्य होगा व टिकट दर सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जानी चाहिए। उन्होंने रोपवे क्षेत्र में सौंदर्यीकरण कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने श्री नयना देवी जी मंदिर में शीश नवाया और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सफाई, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। सरकारी रेस्ट हाउसों का भी किया निरीक्षण सचिव ने नमोल क्षेत्र व बिलासपुर में स्थित सरकारी रेस्ट हाउसों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से रेस्ट हाउसों को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है, ऐसे में इन स्थानों पर सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद होनी चाहिए। साथ ही परिसर में हरियाली को बढ़ावा दिया जाए और ठहरने की सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार लाया जाए। डॉ. जैन ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (चरण-3) के अंतर्गत 184 करोड़ रुपए की लागत से जिले में बनाई जा रही 19 सड़कों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र सड़क सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता जीत सिंह ठाकुर सहित लोक निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












