बिलासपुर: रिहायशी मकान में चल रहा था चिट्टे का गोरखधंधा, महिला समेत 5 लोग गिरफ्तार
हिमाचल पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बिलासपुर थाना की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंदरौर क्षेत्र के एक रिहायशी मकान से 11.2 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद चिट्टे की खरीद-फरोख्त और इसके पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस की टीम ने कंदरौर स्थित एक रिहायशी मकान में नियमानुसार तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान वहां से 11.2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
मौके से पुलिस ने सुरजीत सिंह उर्फ कालू निवासी कंदरौर, शंकर दयाल निवासी बल्ही-झलेड़ा, हंसराज निवासी घरबसड़ा, शीतल उर्फ डेजी निवासी डियारा तथा विपन कुमार निवासी मैहरन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ पुलिस थाना सदर में अभियोग संख्या 165/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।






