शिमला पुलिस ने नशा तस्करों की आर्थिक कमर पर कसा शिकंजा, 3 एनडीपीएस मामलों में 40.5 लाख की संपत्ति सीज; 2026 में आंकड़ा 12.5 करोड़ पार
शिमला में नशे के खिलाफ पुलिस ने अब कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए तस्करों की कथित अवैध कमाई और उससे जुड़ी संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस के मुताबिक तीन एनडीपीएस मामलों में 40 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की चल-अचल और वित्तीय संपत्तियां सीज की गई हैं। बालूगंज के एक मामले में करीब 23 लाख रुपये, जबकि रामपुर के दो मामलों में करीब 17.5 लाख रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई हुई है। इनमें वाहन, बैंक खातों की रकम और अन्य वित्तीय संपत्तियां शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपियों के बैंक लेन-देन, आय के स्रोत और संपत्तियों की पड़ताल की जा रही है। शिमला पुलिस के अनुसार 2026 में अब तक वित्तीय जांच के आधार पर 12.5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां सीज की जा चुकी हैं।






