सुंदरनगर में पति के साथ होटल गई महिला से दुष्कर्म, आरोपी ने अश्लील वीडियो बना किया वायरल
बिलासपुर/सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके और उसके पति के परिचित व्यक्ति ने उन्हें होटल में मिलने के बहाने बुलाया, खाने और शराब में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर दोनों को बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया तथा उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें अन्य लोगों को भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता वर्तमान में अपने पति के साथ सुंदरनगर में रहती है, जबकि मूल रूप से बिलासपुर सदर क्षेत्र की निवासी है। महिला की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की जांच के लिए सदर थाना बिलासपुर को स्थानांतरित कर दिया है।
29 मई की बताई घटना, अब दर्ज कराई शिकायत
महिला के अनुसार यह घटना 29 मई की है। शिकायत में बताया गया है कि बिलासपुर निवासी एक परिचित व्यक्ति ने उसे और उसके पति को भवाणा (कांगू रोड) स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया था। होटल में बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उनके खाने और शराब में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसका सेवन करने के बाद दोनों अचेत हो गए।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो भी बना लिए।
आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो एक महिला सहित अन्य परिचितों को भेज दिए। इससे उसकी और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचा है। पीड़िता और उसके परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर के डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि महिला की शिकायत पर सुंदरनगर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला सदर थाना बिलासपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






