बिलासपुर: बीमार बेटे को जहर देने के बाद मां ने भी दी जान, आर्थिक तंगी और बीमारी से टूटा परिवार
बिलासपुर: जिला मुख्यालय बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में शुक्रवार को सामने आई एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे बेटे की असहनीय पीड़ा और आर्थिक तंगी से परेशान एक मां ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
जानकारी के अनुसार 66 वर्षीय कुमुद शर्मा ने पहले अपने 36 वर्षीय बेटे अक्षांश को जहरीला पदार्थ दिया और उसके बाद स्वयं भी जहर खाकर जीवन समाप्त कर लिया। घटना का पता तब चला जब घर में लंबे समय तक कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो मां और बेटा बेसुध अवस्था में पड़े हुए थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर पहुंचने तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कुमुद शर्मा (66), पत्नी स्वर्गीय नरेश कुमार और उनके पुत्र अक्षांश (36) के रूप में हुई है। परिवार मूल रूप से अर्की क्षेत्र का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ समय से बिलासपुर के रौड़ा सेक्टर में किराए के मकान में रह रहा था।
बेटे की बीमारी ने बढ़ाईं मुश्किलें
बताया जा रहा है कि अक्षांश पिछले कई वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित था। बीते दो से तीन वर्षों के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और वह चलने-फिरने में भी असमर्थ हो गया था। बेटे की देखभाल और घर का खर्च चलाने की जिम्मेदारी पूरी तरह उसकी मां कुमुद शर्मा के कंधों पर थी।
पति के निधन के बाद कुमुद शर्मा मजदूरी कर किसी तरह घर का गुजारा कर रही थीं। आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने बेटे की देखभाल में कोई कमी नहीं छोड़ी, लेकिन लगातार बढ़ती मुश्किलों और बेटे की खराब होती सेहत ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था।
आर्थिक तंगी और बीमारी बनी वजह!
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बेटे की गंभीर बीमारी, लगातार इलाज का बोझ और आर्थिक तंगी से परेशान होकर महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि मां-बेटे ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रौड़ा सेक्टर में मां-बेटे द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
यह घटना न केवल एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज के सामने यह सवाल भी खड़ा करती है कि गंभीर बीमारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे परिवारों तक सहायता और सहारा समय पर कैसे पहुंचे।






