अंधेरे में राह मुश्किल: लठियाणी में महीनों से खराब पड़ी सोलर लाइटें
उपमंडल बंगाणा की लठियाणी पंचायत में स्थापित सोलर लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। बरसात के मौसम में जब रास्तों पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है, तब रात के अंधेरे में चलना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। गांव की गलियों में अंधकार इस कदर छा जाता है कि राहगीरों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर वृद्धजन, महिलाएं और बच्चे इस स्थिति से सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। पंचायत प्रधान जोगिंद्र शर्मा और उपप्रधान बाबा निर्मल सिंह ठाकुर ने बताया कि खराब लाइटों के संदर्भ में हिम ऊर्जा ऊना को एक माह पूर्व सूचित कर दिया गया था। एसएसएस एनर्जी कंपनी के कर्मचारी निहाल से संपर्क करने पर उन्होंने आश्वासन दिया था कि आवश्यक सामान उपलब्ध होने पर मरम्मत कर दी जाएगी लेकिन एक महीना बीतने के बावजूद कोई सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों रमेश चंद चौधरी, दीपचंद, सतनाम सिंह, मनीष कुमार, रणजीत सिंह, विनोद शर्मा, अशोक कुमार, जगमोहन सिंह, पंकज कुमार, विजय कुमार, गुरदेव चंद और सुशील कुमार सहित अन्य लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि जल्द से जल्द लाइटों की मरम्मत करवाई जाए, ताकि रात के समय सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, लेकिन समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। अब जनता आश्वासनों से थक चुकी है और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।












