बर्फ पिघलने से उफान पर ब्यास नदी, पंडोह डैम से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी
ब्यास नदी के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार बर्फ पिघलने के कारण पंडोह डेम का जलस्तर बढ़कर करीब 2933 फीट तक पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर और अधिक जल प्रवाह को देखते हुए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने पंडोह डेम से नियंत्रित तरीके से लगभग 3000 क्यूसेक अतिरिक्त पानी ब्यास नदी में छोड़ा है।
बीबीएमबी के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि पानी छोड़े जाने के बाद नदी के निचले इलाकों में जलस्तर 1 से 2 मीटर तक बढ़ सकता है। ऐसे में प्रशासन और बीबीएमबी ने लोगों से नदी किनारों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
इसके अलावा नदी तल में मशीनरी और उपकरणों के साथ काम कर रहे ठेकेदारों और श्रमिकों को तुरंत अपने सामान सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार के नुकसान से बचा जा सके। बीबीएमबी द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी जल प्रवाह बढ़ाया जा सकता है।






