अवैध कटान मामला: आरोपियों से करवाई गई निशानदेही, जंगल माफिया के नेटवर्क का जल्द होगा खुलासाIllegal felling case: The accused were identified, the network of forest mafia will be revealed soon
बंगाणा उपमंडल की ग्राम पंचायत अम्बेहड़ा रामकिशना के अंतर्गत घने जंगलों में अवैध कटान के मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों को मंगलवार को मौके पर ले जाया गया। जहां उन्होंने अवैध कटान की निशानदेही की और अपनी संलिप्तता स्वीकार की। जांच में यह भी सामने आया है कि यह कटान सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं, बल्कि आसपास के अन्य इलाकों में भी इसी प्रकार की अवैध गतिविधियां संचालित हो रही थीं। अवैध कटान मामले में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से एक नाबालिग है, जिसे नियमानुसार माता-पिता के हवाले कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ माह से जंगलों में संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन इस ओर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।
डीएफओ ऊना सुशील राणा ने कहा कि यह एक गंभीर अपराध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग हर कोण से जांच कर रहा है और दोषियों को जल्द ही सजा मिलेगी। एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही के आधार पर कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुख्ता जानकारी मिली है कि क्षेत्र के अन्य भागों में भी अवैध कटान हुआ है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।












