मानसून की मार से हिमाचल बेहाल: अब तक 66 लोगों की गई जान,100 सड़कें बंद; 28 जुलाई तक येलो अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून लगातार कहर बरपा रहा है। राजधानी शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन, सड़कें बंद होने और नदी-नालों के उफान से हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने स्थिति को देखते हुए 28 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के बाकी 10 जिलों में 23 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है। वहीं 24 से 26 जुलाई के बीच कांगड़ा, चंबा, शिमला, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और ऊना में कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जलभराव की आशंका भी जताई है।
100 सड़कें बंद, 66 लोगों की गई जान
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेशभर में करीब 100 मुख्य और संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं। कई इलाकों में यातायात पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मानसून सीजन में अब तक बारिश, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से 66 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करोड़ों रुपये की सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
SDMA की एडवाइजरी, बेवजह यात्रा से बचें
खराब मौसम को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) और मौसम विभाग ने पर्यटकों व स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। लोगों से उफनते नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की गई है। प्रशासन ने मौसम अपडेट पर लगातार नजर रखने की भी सलाह दी है।






