कांगड़ा के शाहपुर में बादल फटने से तबाही: बोह घाटी के स्पैडा और गढ़गून गांव में 6 मकान बहे; लोगों ने भागकर बचाई जान
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में मानसून की भारी बारिश के बीच जिला कांगड़ा के शाहपुर क्षेत्र में कुदरत ने जमकर कहर बरपाया है। शाहपुर की बोह घाटी के स्पैडा और गढ़गून गांव में बादल फटने के बाद आई अचानक बाढ़ और मलबे ने भारी नुकसान पहुंचाया है। बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्र में जोरदार धमाके के बाद अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव नीचे की ओर आया, जिसकी चपेट में आकर छह मकान पूरी तरह बह गए। घटना के दौरान ग्रामीणों ने समय रहते घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में अभी तक किसी भी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
मलबे से बंद हुए रास्ते, राहत टीम मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। प्रभावित क्षेत्र में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन भारी बारिश और जगह-जगह हुए भूस्खलन के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ है, जिसके कारण प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम शाहपुर की लोगों से अपील
एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि वह स्वयं प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि भारी बारिश के कारण नदी-नालों में पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में लोग नदी-नालों के किनारे जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बादल फटने से मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक पहाड़ी से तेज आवाज के साथ पानी और मलबा नीचे की ओर आया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही समय में मलबे ने कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, मौसम विभाग की ओर से लगातार भारी बारिश की चेतावनी के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।






