बारिश का कहर: NH-205 पर लैंडस्लाइड, HRTC बस बाल-बाल बची; पेड़ गिरने से युवक की मौत
सोलन/कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। NH-205 पर भराड़ीघाट-नलाग के बीच गुरुवार रात भारी लैंडस्लाइड हुआ। इस दौरान सड़क से गुजर रही सवारियों से भरी HRTC बस मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। हादसे के वक्त सड़क पर काफी ट्रैफिक था, लेकिन लोगों की सूझबूझ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस और फोरलेन कंपनी की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और यातायात बहाल किया।
सुबाथू में पुराना मकान गिरा
सोलन के सुबाथू क्षेत्र में बारिश के चलते एक पुराना मकान भी गिर गया। प्रशासन ने इसे पहले ही खाली करवा दिया था, इसलिए कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। डीसी सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि बारिश को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
बंजार में पेड़ की चपेट में युवक की मौत
उधर, कुल्लू के बंजार क्षेत्र के सोझा नाला के पास पहाड़ी से अचानक तोष का पेड़ गिरने से 33 वर्षीय राकेश कुमार की मौत हो गई, जबकि उसका भाई मंगल चंद घायल हो गया। दोनों घियागी की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल मंगल चंद का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।






