श्री हरिगिरी चैरिटेबल ट्रस्ट जनसेवा के पथ पर कर रहा कार्य: पठानिया
स्वामी श्री हरिगिरी संन्यास आश्रम ककीरा में चल रहे पांच दिवसीय श्री महारूद्र यज्ञ महोत्सव के पूर्ण आहुति समारोह में आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने पूरे श्रद्धाभाव से यज्ञ में आहुति अर्पित की और आयोजन की दिव्यता में सहभागी बने। इस मौके पर पठानिया ने कहा कि स्वामी श्री हरिगिरी महाराज द्वारा स्थापित यह आश्रम न केवल आध्यात्मिकता का केंद्र रहा है, बल्कि जन कल्याण के क्षेत्र में भी इसका अमूल्य योगदान है। उन्होंने बताया कि इस परंपरा को स्वामी राजेश्वरानंद भारती ने आगे बढ़ाया और आज श्री हरिगिरी चैरिटेबल ट्रस्ट जनसेवा के पथ पर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बीते 57 वर्षों से संन्यास आश्रम ककीरा के तत्वावधान में श्री महारूद्र यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो समाज में सद्भाव, शांति, सकारात्मक ऊर्जा के संचार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है। उन्होंने चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे समाज कल्याण के कार्यों की सराहना की। समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी महासचिव राजीव कौशल, ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य गोविंद भाई ओझा, भरत भाई, रसि भाई, यशवंत भाई मोदी, ओंकार सिंह राठौर, संजीव वत्स, मनोज वत्स, देवेंद्र राज महाजन, तरुण मल्होत्रा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यज्ञ महोत्सव की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाया।












