वायनाड लैंडस्लाइड में लापता हुए हिमाचल के इंजीनियर का 3 दिन बाद मिला शव; 4 महीने पहले हुई थी शादी
केरल के वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। निर्माणाधीन टनल परियोजना में लापता रिवालसर निवासी युवा इंजीनियर राहुल शर्मा का शव तीसरे दिन मलबे से बरामद हुआ। कुछ महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे राहुल की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
राहुल शर्मा वायनाड में एक निजी कंपनी में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को लगातार बारिश के बीच पहाड़ी का बड़ा हिस्सा कार्यस्थल पर गिर गया, जिससे कई कर्मचारी मलबे में दब गए। एनडीआरएफ, फायर फोर्स और स्थानीय प्रशासन ने तीन दिनों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाने के बाद गुरुवार को उनका शव बरामद किया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहुल के पिता और मामा वायनाड पहुंच गए थे, जबकि उनकी पत्नी भी वहीं मौजूद थीं। शव मिलने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। राहुल का विवाह इसी वर्ष मार्च में हुआ था।
कांगड़ा का विक्रम अब भी लापता
वहीं, इसी हादसे में लापता जिला कांगड़ा के फतेहपुर उपमंडल की टकोली घिरथा पंचायत निवासी विक्रम का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। वायनाड में एनडीआरएफ, फायर फोर्स और स्थानीय प्रशासन का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। इस भीषण हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।






