पतलीकूहल चौराहे पर गड्ढों की भरमार
पतलीकूहल बाजार में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से पर्यटकों व स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। आलम यह है कि सड़क पर पड़े इन गड्ढों के कारण बारिश में सबसे अधिक दिक्कत पेश आती है और पर्यटकों और लोगों के कपड़े खराब हो रह हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापार मंडल पतलीकूहल ने भी विभाग को कई बार इन गड्ढों को भरने की गुहार लगाई थी, लेकिन लोक निर्माण विभाग के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। खास कर बारिश के दिनों में राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एक तरफ थ्री व्हीलर, दूसरी तरफ बस का खड़ा होना बीच सड़क पर गड्ढे राहगीरों को दुर्घटना का न्योता देते हैं। बारिश के दिनों में सड़क पर गड्ढे होने के कारण पैदल चलने वाले स्कूली बच्चों व राहगीरों के कपड़े तक खराब हो जाते हैं। हैरत तो इस बात है कि विभागीय अधिकारी इसी मार्ग से गुजरते हैं। शायद उन्हें यह बीच बाजार में कई अरसा से पड़े गड्ढे नजर ही नहीं आते हैं। हलाण- 2 की पंचायत प्रधान सीमा देवी ने बताया कि मैंने भी लोक निर्माण विभाग को इस बारे अवगत करवाया है, लेकिन विभाग को यह कार्य स्वयं देखना चाहिए, समय-समय पर मुरम्मत भी करनी चाहिए। उधर, स्थानीय निवासी व व्यवसायी रूपेश, शिव कुमार, मयूर, संजय अंगरूप, शंकर व अभिनाश ने बताया कि एक किलो मीटर में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता व कनिष्ठ अभियंता अधिकारियों के कार्यालय हैं, फिर भी विभाग सड़कों की सुध नहीं ले रहा है। यदि समय रहते पैच वर्क द्वारा यह गड्ढे नहीं भरे जाते तो लोगों को विभाग के विरुद्ध आवाज उठाने को मजबूर होना पड़ेगा। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता अनूप शर्मा ने बताया कि मौसम साफ होते ही इन गड्ढों को भर दिया जाएगा।












