धनोटू-बग्गी मार्ग के गड्ढों की मरम्मत शुरू, भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की उठी मांग बीबीएमबी ने शुरू कराया मरम्मत कार्य, लोगों ने सड़क चौड़ीकरण और किनारों को पक्का करने की भी रखी मांग
बीबीएमबी की नहर के साथ लगते धनोटू-बग्गी मार्ग पर लंबे समय से बने गड्ढों की आखिरकार मरम्मत शुरू हो गई है। बरसात के कारण सड़क पर जगह-जगह गड्ढों में पानी, कीचड़ और कूड़ा जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मानसून के दौरान दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बीबीएमबी प्रशासन ने सीमेंट, बजरी और अन्य सामग्री की सहायता से गड्ढों को भरने का कार्य तेज गति से शुरू कर दिया है, ताकि लगातार हो रही बारिश से पहले सड़क को यातायात योग्य बनाया जा सके। यह मार्ग बीबीएमबी कर्मचारियों के साथ-साथ सुंदरनगर, नाचन, बल्ह और मंडी आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऊपरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों का भी इस सड़क पर लगातार आवागमन रहता है, जिससे यह मार्ग दिनभर व्यस्त रहता है। सड़क की मरम्मत के साथ-साथ नालियों की सफाई भी करवाई जा रही है, ताकि वर्षा का पानी बिना किसी रुकावट के निकल सके और सड़क को नुकसान न पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बीबीएमबी प्रशासन तथा मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत से मांग की है कि इस संकरे मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि सड़क की चौड़ाई कम होने और कई स्थानों पर गहरी खाइयों के कारण दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है। दो छोटे वाहन भी एक-दूसरे को पास देने में कठिनाई महसूस करते हैं। लोगों ने सड़क के दोनों किनारों को पक्का कर चौड़ा करने की मांग करते हुए कहा कि इससे बढ़ते यातायात के बीच यह मार्ग अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन सकेगा।






