राजगढ़ सिविल अस्पताल में दिल दहला देने वाली घटना, टॉयलेट में मिला नवजात शिशु का शव
राजगढ़। राजगढ़ के सिविल अस्पताल से आज सुबह एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब एक सफाई कर्मचारी रोज़ाना की तरह टॉयलेट की सफाई के लिए पहुंचा।
सफाई के दौरान कर्मचारी को टॉयलेट सीट में कुछ संदिग्ध फंसा हुआ दिखाई दिया। जब उसने ध्यान से देखा तो वहां एक नवजात शिशु मृत अवस्था में पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर कर्मचारी स्तब्ध रह गया और तुरंत उसने इसकी जानकारी स्टाफ नर्स और डॉक्टरों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि इस अमानवीय कृत्य के पीछे शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके।
मामले की पुष्टि करते हुए BMO राजगढ़, डॉ. उपासना शर्मा ने बताया कि अस्पताल के टॉयलेट में सुबह करीब 8:30 बजे नवजात शिशु का शव मिला है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह घटना न सिर्फ मानवता को झकझोरने वाली है, बल्कि समाज में कई गंभीर सवाल भी खड़े करती है कि आखिर किन परिस्थितियों में इस मासूम को इस तरह छोड़ दिया गया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।






