अर्की में शिकार बना जानलेवा: पैर फिसला, चली गोली… साथी की मौके पर गई जान
हादसा या लापरवाही? पुलिस हिरासत में आरोपी, फोरेंसिक जांच जारी
सोलन (अर्की): हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में शिकार के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पैर फिसलने से चली गोली ने एक व्यक्ति की जान ले ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक लक्ष्मीकांत और आरोपी रणजीत सिंह जंगल में शिकार के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक रणजीत सिंह का पैर फिसल गया और उसकी बंदूक से गोली चल गई। यह गोली सीधे लक्ष्मीकांत को जा लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का खुलासा ऐसे हुआ
मृतक के बेटे राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिचित भगत राम के साथ गांव जमरोटी में बावड़ी के पास मौजूद था। तभी कमलजीत ने उसे सूचना दी कि उसके पिता को जंगल में गंभीर चोट लगी है। सूचना मिलते ही राहुल मौके पर पहुंचा, जहां उसके पिता खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े थे। उनके शरीर के पीछे बाईं ओर कूल्हे के पास गोली लगी हुई थी।
परिजनों की मदद से लक्ष्मीकांत को तुरंत चारपाई के जरिए अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
राहुल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रणजीत सिंह (62), निवासी गांव जमरोटी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
सोलन के पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने बताया कि, "एफएसएल जुन्गा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और हर पहलू से जांच जारी है।
फिलहाल सवाल यही है: क्या यह महज एक हादसा था या लापरवाही से गई एक जान? पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।






