घुमारवीं बस स्टैंड पर सनसनीखेज घटना: दो महिलाओं ने कंडक्टर को चप्पलों से पीटा, वीडियो वायरल
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में घुमारवीं बस स्टैंड पर मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। यहां दो महिलाओं ने एक निजी बस कंडक्टर की दिनदहाड़े चप्पलों से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मौके पर मौजूद भीड़ शुरुआत में तमाशबीन बनी नजर आती है और कोई भी बीच-बचाव नहीं करता।
पीड़ित कंडक्टर जोगिंद्र, जो घुमारवीं के सुमाड़ी गांव के रहने वाले हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वह एक निजी बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत हैं। उनके अनुसार, बस स्टैंड पर दो महिलाओं—जो ननद और भाभी बताई जा रही हैं ने उन्हें अचानक रोक लिया और गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए और मारपीट में उनकी सोने की चेन भी गायब हो गई।
https://www.facebook.com/share/v/1DbAjd9zCJ/
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे उनके सहकर्मी के पारिवारिक विवाद की भूमिका हो सकती है, क्योंकि आरोपी महिला का पति और कंडक्टर जोगिंद्र एक ही फर्म में काम करते हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का गुस्सा कंडक्टर पर निकाला गया।
वहीं, महिला पक्ष ने आरोप लगाया है कि कंडक्टर ने उसके चरित्र पर लांछन लगाया था और उसके पति से गलत बातें कही थीं, जिससे उनका पारिवारिक जीवन प्रभावित हुआ। हालांकि, कंडक्टर जोगिंद्र ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
वीडियो में कंडक्टर बार-बार यही पूछता नजर आता है कि उसका कसूर क्या है। वह मौके पर मौजूद लोगों से भी मदद की गुहार लगाता है और यहां तक कि अपने बच्चों की कसम खाकर अपनी बेगुनाही की बात कहता है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज व वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है।












