ई-चालान में हेराफेरी कर निजी UPI पर लिए 20 हजार, बर्खास्त कांस्टेबल को हाई कोर्ट से झटका
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने ई-चालान में हेराफेरी कर रिश्वत की रकम निजी यूपीआई अकाउंट में लेने के मामले में बर्खास्त कांस्टेबल को झटका दिया है। बिलासपुर में ट्रैफिक क्लर्क के पद पर तैनात कांस्टेबल पर आरोप था कि उसने ई-चालान एप में बदलाव कर कोर्ट में जुर्माने की राशि शून्य और पांच हजार रुपये दर्शाई, जबकि वाहन चालक से 20 हजार रुपये अपने निजी गूगल पे अकाउंट में ट्रांसफर करवाए। जांच में यह रकम सरकारी खजाने में जमा नहीं मिली। इसके बाद दिसंबर 2023 में एसपी बिलासपुर ने उसे बर्खास्त कर दिया था। हाई कोर्ट ने नए सिरे से जांच करवाने के अपीलीय प्राधिकरण के आदेश को सही ठहराते हुए कांस्टेबल की अपील खारिज कर दी।






