किन्नौर को मिली दो इंडोर स्टेडियम की सौगात, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और सांसद कंगना रनौत ने किया शिलान्यास
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सांसद कंगना रनौत ने किन्नौर जिले का दौरा कर पूह और ज्ञाबुंग में दो इंडोर स्टेडियमों का शिलान्यास किया। ये स्टेडियम प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत लगभग 9.78 करोड़ रुपए की लागत से बनेंगे। अपने दौरे के दौरान, दोनों नेताओं का स्थानीय लोगों और प्रशासन ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रिजिजू ने कल्पा की खूबसूरती की खूब तारीफ की, इसे कुल्लू-मनाली से अलग बताया और यहां ट्रेकिंग करने की इच्छा भी जताई। कंगना रनौत ने छोलतू में लोगों की विकास कार्यों से जुड़ी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया। शुक्रवार को, कल्पा से पूह पहुंचने के बाद, रिजिजू और रनौत ने विधिवत रूप से इन स्टेडियमों की नींव रखी। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए रिजिजू ने केंद्र सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। दोनों नेताओं ने किन्नौर की स्थानीय संस्कृति में भी गहरी रुचि दिखाई, उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ पारंपरिक लोकनृत्य में भाग लिया और नाको क्षेत्र का दौरा कर बौद्ध मंदिर के दर्शन किए। इस दौरे पर उनके साथ बॉलीवुड गायक मोहित चौहान के अलावा किन्नौर के जिलाधीश डॉ. अमित कुमार शर्मा और एसपी अभिषेक एस भी मौजूद थे।
90 डिग्री वाली सड़कें देख हैरान हुए रिजिजू
हिमाचल प्रदेश की खतरनाक सड़कें देखकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू हैरान हो गए। किरेन रिजिजू शिमला से सड़क मार्ग से किन्नौर के लिए रवाना हुए। रामपुर के झाखड़ी से आगे किन्नौर तक कई जगह 80 से 90 डिग्री ढलान वाले ढांक को काटकर नेशनल हाईवे-5 बनाया गया है। ऐसी खतरनाक सड़क देखकर वह दंग रह गए। इससे जुड़ा वीडियो उन्होंने खुद अपने फेसबुक पर शेयर किया।












