वाटर स्टोरेज टैंक बनाने को मिली मंजूरी, सपरून में पार्किंग और स्लिप रोड के लिए की गई खुदाई से खुली जगह
नगर निगम सोलन के तहत सपरून में वाटर स्टोरेज टैंक निर्माण को मंजूरी मिली है। यहां पार्किंग और स्लिप रोड निर्माण के लिए की गई खुदाई से काफी जगह खुल गई है। नगर निगम ने यहां जर्जर हालत में पड़े वर्षा शालिका को गिराकर जगह को खुला किया है। इससे अब यहां पर कम स्टोरेज का टैंक का निर्माण संभव होगा। जानकारी के मुताबिक यहां ऑस्ट्रेलियन तकनीक से वाटर स्टोरेज टैंक बनेगा, जिसके निर्माण पर 15 लाख की लागत आएगी। वार्ड14 के पार्षद और पूर्व डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा ने मुताबक यह राशि मंजूर हो गई है। यहां स्टोरेज टैंक बनने से वार्ड-14 और वार्ड-13 के लोगों को भविष्य में पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पार्किंग का निर्माण प्रगति पर
सपरून में निर्माणाधीन फुटपाथ के साथ स्लिप रोड और पार्किंग का भी निर्माण किया जा रहा है। साथ ही फुटपाथ का निर्माण भी प्रगति पर है। फुटपाथ निर्माण में पेयजल पाइप लाइन बाधा बनी थी, लेकिन अब इसे शिफ्ट किया जा रहा है। सपरून में एक साथ कई मूलभूत सुविधाएं मिलने से यहां पर जल्द स्थानीय लोगों को पार्किंग की सुविधा मिलेगी। खासकर पार्किंग का लाभ हाउसिंग कॉलोनी और कमल ऑर्चर्ड और कलीन के लोगों को मिलेगा। पार्किंग की कमी से यहां पर अधिकतर वाहन सड़क किनारे ही पार्क किए जा रहे हैं। वहीं, फुटपाथ के साथ स्लिप रोड बनने से हाउसिंग कॉलोनी और क्लीन की तरफ जाने वाले वाहनों को फोरलेन से मुडऩे में जोखिम नहीं उठाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों की मांग पर पार्षद राजीव कौड़ा ने नगर निगम से स्लिप रोड और पार्किंग निर्माण को मंजूरी प्रदान करवाई है। नगर निगम ने सपरून में पार्किंग निर्माण की योजना मंजूर करवाई है। इसके लिए सरकार से 10 लाख रुपए की राशि मिली है। यहां पार्किंग बनने से करीब 50 वाहनों को पार्क करने की सुविधा होगी।
चार वार्डों के लोगों को मिलेगी सुविधा
सपरून में फुटपाथ बनने से शहर के चार वार्डों के लोगों को सुविधा मिलेगी। वार्ड-14 की हाउसिंग कॉलोनी, कमल ऑर्चर्ड सोसायटी, वार्ड-13 का क्लीन, सपरून पंचायत, वार्ड-16 का रबोन, आंजी तथा वार्ड-1 का देउंघाट सहित बाहर से आने वाले यात्रियों की आवाजाही सुगम होगी। इसी मार्ग से रोज उपनगरों और आसपास के गांव से सैंकड़ों की संख्या में लोग सोलन शहर पहुंचते हैं। फुटपाथ की कमी से लोगों को जान जोखिम में डालकर वाहनों के रश के बीच चलने को मजबूर होना पड़ता है यदि समय रहते फुटपाथ का निर्माण होता है, तो लोगों को जल्द पैदल चलने की आसानी होगी।












