हिसार-चंडीगढ़ हवाई सेवा शुरू सीएम सैनी ने भी किया सफर
हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से चंडीगढ़ के लिए सोमवार को पहली फ्लाइट ने उड़ान भरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई और खुद भी चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। इसके लिए नायब सैनी ने पहले ही टिकट बुक करा ली थी। उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राज्य मंत्री राजेश नागर, विधायक रणधीर पनिहार, विधायक विनोद भयाणा, विधायक सावित्री जिंदल, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली समेत अन्य नेताओं ने भी इस फ्लाइट में सफर किया। हिसार से चंडीगढ़ के लिए दूसरी हवाई उड़ान शुरू हो रही है, और भविष्य में जयपुर, अहमदाबाद, और जम्मू के लिए भी यात्राएं शुरू होंगी, जिससे यह क्षेत्र इंडस्ट्री का हब बनेगा। प्रदेश के 2 करोड़ 80 लाख लोगों के लिए है, जो इस एयरपोर्ट का लाभ लेंगे। सैनी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि हरियाणा को पहला हवाई अड्डा मिला है, जो पीएम मोदी ने प्रदेश को दिया है। मोदी सरकार के 11 वर्ष गौरवशाली रहे हैं, और इन 11 सालों को उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में 150 से ज्यादा एयरपोर्ट बने हैं, साथ ही आईआईटी और आईआईएम भी बने हैं, जो देश के लिए गर्व की बात है। 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि 2047 में हिसार की तस्वीर भी बदली हुई नजर आएगी। विकसित हरियाणा की दिशा में काम किया जा रहा है और यह उड़ान सभी के लिए है, जिसका लाभ प्रदेश के सभी लोग लेंगे। आने वाले समय में हिसार से जयपुर, अहमदाबाद, और जम्मू के लिए भी यात्राएं शुरू होंगी। समय-समय पर यह एयरपोर्ट आगे बढ़ेगा और यहां इंडस्ट्रियल हब भी बनेगा। हमें सार्थक तरीके से आगे बढऩा है और प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। यह फ्लाइट सेवा सप्ताह में 2 दिन सोमवार और शुक्रवार को चलेगी। हिसार से चंडीगढ़ की उड़ान लगभग 1 घंटे की होगी, जबकि वापसी में उड़ान समय करीब 1 घंटा 10 मिनट रहेगा।












