बिंदल बोले- 'संसद छोड़ सड़क पर अराजकता फैला रही कांग्रेस, लोकतंत्र को कर रही कमजोर'
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बचने वाली कांग्रेस अब सड़क पर विरोध-प्रदर्शन और टकराव का माहौल बनाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री आवास तक मार्च, भाजपा मुख्यालय का घेराव और हिंसक माहौल बनाना लोकतंत्र नहीं, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं को चुनौती देने का प्रयास है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सरकार ने पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब पेपर लीक से जुड़े सभी मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि मामलों का जल्द निपटारा हो और दोषियों को शीघ्र कठोर सजा मिल सके। इसके लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी, दोबारा परीक्षा आयोजित कराने और परीक्षा प्रणाली में तकनीकी सुधार जैसे कई अहम कदम उठा चुकी है। फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था इस दिशा में एक और मजबूत कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि यदि पार्टी वास्तव में विद्यार्थियों के हितों को लेकर गंभीर होती तो संसद में चर्चा कर रचनात्मक सुझाव देती। लेकिन कांग्रेस ने संसद की कार्यवाही बाधित करने, सड़क पर विरोध और राजनीतिक प्रदर्शन का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के युवाओं को बताना चाहिए कि वह उनके भविष्य जैसे गंभीर मुद्दे पर भी राजनीति क्यों कर रही है।






